Sunday, April 30, 2017

जीवन के गीत सुनाते हैं

हम आते हैं।
जीवन के गीत सुनाते हैं।
जमीं हुई बदरंग जहाँ पे,
रंग वहीं बरसाते हैं।।
हम आते हैं - - - -

सबके दिल में इक ज्वाला है,
यारो उसको जलने दो।
टूटा इक सपना तो दूजे,
सपने को भी पलने दो।
हर उलझन को सोच समझके,
मिलजुलकर सुलझाते हैं।
हम आते हैं - - - -

जिसकी रोने की आदत है,
रोता ही रह जाएगा।
लड़ना जिसने छोड़ा उल्टी,
धारा में बह जाएगा।
यह जीवन इक जंग हमेशा,
बात यही दुहराते हैं।
हम आते हैं - - - -

मिलकर जीने की चाहत हो,
तब सुन्दर संसार बने।
छोड़ो दुनिया, खुद की खातिर,
खुद का ही किरदार बने।
भाव खुशी का भर भर लाते,
घर घर सुमन सजाते हैं।
हम आते हैं - - - - 

No comments:

हाल की कुछ रचनाओं को नीचे बॉक्स के लिंक को क्लिक कर पढ़ सकते हैं -
विश्व की महान कलाकृतियाँ- पुन: पधारें। नमस्कार!!!