Monday, April 22, 2019

कहते लोग दलाल मीडिया

हुआ  अभी  ये हाल मीडिया 
कहते  लोग  दलाल मीडिया
 
शायद  इसी  दलाली  से  ही
अब  है  मालामाल  मीडिया 

सत्ता  छोड़   विपक्षी  से  ही
पूछे   रोज   सवाल  मीडिया

विज्ञापन  की ख़ातिर हरदम 
चलती  रहती  चाल मीडिया 

लोग-बाग अब समझ गए हैं
बिल्कुल मायाजाल मीडिया

अंकुश  जब  से  है कुबेर का
तब  से  है  कंगाल   मीडिया

गैर - जरूरी    प्रश्न   उठाकर
काहे   करे   धमाल  मीडिया

सत्ताधारी   को   खुश  करने 
बदले  रुख  तत्काल मीडिया

अब  भी  इस पेशे में लेकिन 
कुछ भारत के लाल मीडिया

सुमन मीडिया सोशल आया 
आमलोग  खुशहाल मीडिया 

No comments:

हाल की कुछ रचनाओं को नीचे बॉक्स के लिंक को क्लिक कर पढ़ सकते हैं -
विश्व की महान कलाकृतियाँ- पुन: पधारें। नमस्कार!!!