बड़े - बुजुर्गों को समझाना, अच्छा है पर कभी कभी
बच्चे को भी आँख दिखाना, अच्छा है पर कभी कभी
ज्ञान - वमन अक्सर वो करते, जिनका ज्ञान अधूरा है
ज्ञानवान का चुप रह जाना, अच्छा है पर कभी कभी
कर्मभूमि की कर्मशीलता से तकदीर बदल सकती
लिखा हुआ तकदीर बताना, अच्छा है पर कभी कभी
परिवारों में संबंधों के, बढ़त - घटते मोल सदा
लोग बोलते बुरा जमाना, अच्छा है पर कभी कभी
दे कर रोज परीक्षा हम सब, अगले दिन तक जा पाते
सुमन स्वयं को चतुर बनाना, अच्छा है पर कभी कभी




No comments:
Post a Comment