Thursday, April 4, 2024

ऐसा हिन्दुस्तान नहीं है

भले  अभी  व्यवधान नहीं है 
पर  जीवन आसान  नहीं  है

आस - पास में अक्सर देखा 
सूरत   पर  मुस्कान  नहीं  है

क्यों परिजन से प्रेम - प्रदर्शन 
अगर  प्यार  में  जान  नहीं है 

जब  खटास  हो रिश्तों में तो
रहे   दूर   नुकसान  नहीं   है 

सत्य धर्म  का जरा समझ ले
मत  कहना  विज्ञान   नहीं है 

जो  समाज  में  नफरत  बाँटे 
वो  सचमुच  इन्सान  नहीं  है

हक छीने जो सुमन किसीका 
ऐसा    हिन्दुस्तान    नहीं   है

No comments:

हाल की कुछ रचनाओं को नीचे बॉक्स के लिंक को क्लिक कर पढ़ सकते हैं -
विश्व की महान कलाकृतियाँ- पुन: पधारें। नमस्कार!!!