Tuesday, October 22, 2019

दिल करता है धक-धक साहिब

कपड़ा पहने झक-झक साहिब
बोल रहे क्यों अक-बक साहिब

कहाँ  घोषणा  कब, क्या कर दें 
दिल करता है धक-धक साहिब

नाम   आपका   जपते - जपते
करे  समर्थक  बकबक  साहिब

और  आपके  सब  छुट - भैय्ये 
अब  दिखते हैं चकचक साहिब

जबरन   महिमा - गान   सुनाते 
जनता  डर  से सकपक साहिब

देख   रहे   हैं   सभी   आपको 
आस  लगाए  टक-टक साहिब

सुमन   चेतना   नित्य   जगाए
दिन  बहुरेंगे   चकमक  साहिब

No comments:

हाल की कुछ रचनाओं को नीचे बॉक्स के लिंक को क्लिक कर पढ़ सकते हैं -
विश्व की महान कलाकृतियाँ- पुन: पधारें। नमस्कार!!!